akhbaar update

दहेज के लिए नर्स बहू को घर से निकाला, पति-सास-ससुर पर मामला दर्ज



जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र के जयप्रकाश नगर में रहने वाली एक नर्स को दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास और ससुर सहित अन्य पर दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार जयप्रकाश नगर निवासी रागनी चौबे ने शिकायत में बताया कि उसका विवाह 15 दिसंबर 2023 को रोहित दुबे निवासी जयप्रकाश नगर अधारताल के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के बाद सास कमला दुबे, ससुर ओंकार दुबे और पति रोहित दुबे ने दहेज में 5 लाख रुपये की मांग की थी, लेकिन उसके पिता ने केवल 2 लाख रुपये ही दिए थे। इसी बात को लेकर उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

पीड़िता का आरोप है कि ससुर ने प्लॉट खरीदने के लिए उससे 10 लाख रुपये की मांग की और दबाव डालकर उसके नाम से 10 लाख रुपये का लोन निकलवाकर प्लॉट खरीद लिया। वह परिवार की मांगों को पूरा करती रही और मायके में इसकी जानकारी भी नहीं दी।

पीड़िता के अनुसार 22 अक्टूबर 2024 को विरोध करने पर पति ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट कर रात में घर से निकाल दिया। इसके बाद वह अपने भाई को फोन कर मायके चली गई। बाद में सामाजिक समझाइश के बाद वह फिर ससुराल लौट आई, लेकिन वहां फिर से पैसों की मांग और प्रताड़ना शुरू हो गई।

महिला ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले उसकी सैलरी का हिसाब रखते थे और उसका एटीएम कार्ड भी अपने पास रख लिया था। जब उसने पैसे देने से मना किया तो पति, सास, ससुर और नंदोई ने मिलकर उसे प्रताड़ित किया। साथ ही उसके चरित्र पर भी आरोप लगाए गए और नौकरी छोड़ने का दबाव बनाया गया।

आखिरकार परेशान होकर वह फिर मायके आ गई। महिला का आरोप है कि पति ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए ससुराल से निकाल दिया। 16 फरवरी को जब उसके मायके वाले ससुराल पक्ष से बात करने पहुंचे तो उन्हें भी घर से भगा दिया गया।

पुलिस ने महिला की शिकायत पर ससुराल पक्ष के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update