जबलपुर के प्रमुख बाजारों को व्यवस्थित करने और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार ने देर रात निरीक्षण किया। उन्होंने रात 10 बजे से 12 बजे तक सिविक सेंटर और आसपास के क्षेत्रों का पैदल भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने देखा कि कई जगह फुटपाथ और सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है। इस पर उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी हालत में स्थायी या अस्थायी अतिक्रमण न होने दिया जाए। साथ ही बाजार को व्यवस्थित करने के लिए जल्द कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
इसके बाद निगमायुक्त बड़ा फुहारा क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने नगर निगम की ‘नाइट स्वीपिंग’ व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मुख्य बाजारों में रात के समय सफाई को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि सुबह शहर साफ और व्यवस्थित नजर आए।
निगमायुक्त ने अधिकारियों से यह भी कहा कि वे नियमित रूप से रात में फील्ड पर निकलें और व्यवस्थाओं की निगरानी करें। इससे शहर की साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था दोनों बेहतर बनी रहेंगी।
इस दौरान अपर आयुक्त, स्वास्थ्य विभाग और अतिक्रमण शाखा के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।