जबलपुर। अधारताल क्षेत्र में एक चाय की दुकान के नाम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मंगलवार रात करीब 8 बजे कुछ हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता अधारताल थाने पहुंचे और पुलिस को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि अधारताल तिराहे पर एक युवक चाय की दुकान चला रहा है, जिसका नाम हिंदू पहचान से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि दुकान संचालक मुस्लिम समुदाय से है, जिस पर कुछ संगठनों ने आपत्ति जताई है।
संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि दुकान के नाम से लोगों में भ्रम हो सकता है। उनका कहना है कि यदि दुकान का मालिक किसी अन्य समुदाय से है, तो उसे अपनी सही पहचान के साथ व्यापार करना चाहिए।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने ज्ञापन स्वीकार कर लिया है और जांच की बात कही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।