जबलपुर। नगर निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने और शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने निगम मुख्यालय में बैठक लेकर राजस्व, बाजार, पीएम स्वनिधि योजना, उद्यान विभाग और सीएम हेल्पलाइन के कामकाज की समीक्षा की।
बैठक में आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि केवल दफ्तर में बैठकर काम न करें, बल्कि फील्ड में जाकर समस्याओं का समाधान करें। काम में लापरवाही और राजस्व वसूली में ढिलाई बरतने पर 20 कर संग्रहकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
फील्ड में काम करने के निर्देश
आयुक्त ने बाजार और राजस्व विभाग को निर्देश दिए कि वे अपनी टीम के साथ मैदान में उतरकर बकाया वसूली तेजी से करें। राजस्व वसूली के लिए 14 मार्च तक की समय सीमा तय की गई है।
पार्कों और शिकायतों पर भी ध्यान
बैठक में शहर के पार्कों की देखभाल और हरियाली को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। साथ ही सीएम हेल्पलाइन में आने वाली शिकायतों का समय पर और सही तरीके से समाधान करने के निर्देश दिए गए।
निगमायुक्त ने कहा कि शहर की सुविधाओं में सुधार के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।