जबलपुर। बरेला स्थित सांदीपनी स्कूल में एक शिक्षक की कथित लापरवाही से एक छात्र का शैक्षणिक वर्ष संकट में आ गया है। पीड़ित छात्र शरद विश्वकर्मा ने मामले में प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर न्याय की मांग की है।
छात्र का आरोप है कि परीक्षा फॉर्म भरते समय शिक्षक ओम प्रकाश तिवारी ने उसके चुने हुए विषय संस्कृत की जगह अंग्रेजी विषय दर्ज कर दिया। इस गलती के कारण प्रवेश पत्र में भी अंग्रेजी विषय अंकित हो गया, जबकि छात्र ने संस्कृत का चयन किया था।
शरद विश्वकर्मा ने बताया कि कक्षा 9वीं में मध्यप्रदेश बोर्ड ऑफ़ सेकेंडरी एजुकेशन की प्रणाली के अनुसार भाषा के तीन विषयों में से दो का चयन करना होता है। फॉर्म में बदलाव होने से वह निर्धारित विषय की परीक्षा नहीं दे सका।
छात्र का कहना है कि जब उसने इस गलती की जानकारी क्लास टीचर को दी, तो समस्या सुधारने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन 19 फरवरी को जब वह परीक्षा केंद्र पहुंचा, तो उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी गई।
इस मामले की जानकारी स्कूल प्राचार्य, कलेक्टर और कमिश्नर को भी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब छात्र ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की अपील की है, ताकि उसका एक साल खराब होने से बच सके।