जबलपुर। रविवार को हनुमानताल थाना क्षेत्र में एक अज्ञात ऑटो चालक द्वारा तीन बच्चों को घर के बाहर से बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया। घटना दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। बच्चों के अचानक लापता होने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान एक ऑटो चालक वहां पहुंचा और उन्हें किसी बहाने से अपने साथ बैठाकर ले गया। जब काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद तुरंत हनुमानताल थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी टीआई सुभाष चंद्र बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल सर्च अभियान शुरू किया। संभावित मार्गों पर नाकेबंदी की गई और आसपास के इलाकों में लगातार तलाश की गई।
इस दौरान हनुमानताल क्षेत्र की पार्षद कविता रैकवार ने भी बच्चों को खोजने में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने स्थानीय लोगों को साथ लेकर खोजबीन में सहयोग किया ।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने तीनों बच्चों को अंधमुक्त बायपास के पास से सुरक्षित बरामद कर लिया। बच्चों को सकुशल उनके परिजनों को सौंप दिया गया। बच्चों के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली।
फिलहाल पुलिस ऑटो चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।
