जबलपुर। बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम गुबराकला में बीती रात बदमाशों ने खूनी संघर्ष और बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दी। मामूली विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा और हथियारबंद हमलावरों ने अनुभव बहुनिया के घर पर धावा बोल दिया। बदमाश घर से करीब 7 लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। इस हमले में परिवार के दो सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के दौरान हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाश तलवार, फरसा, लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से लैस थे। घर में घुसते ही उन्होंने जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। जब परिवार के लोगों ने विरोध किया तो उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। धारदार हथियारों से किए गए हमले में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत एक छोटी सी बात से हुई थी, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दे दिया। हमलावरों ने घर के अंदर मौजूद नकदी और कीमती सामान लूटा और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बेलखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित अनुभव बहुनिया की शिकायत पर अज्ञात और नामजद आरोपियों के खिलाफ लूट और जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी गांव से बाहर भाग निकले। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
वहीं घायलों की हालत को देखते हुए पुलिस उनके बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके और वारदात में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।