akhbaar update

सिर्फ 72 घण्टे की मोहलत, इसके बाद होगी कुर्की

 



जबलपुर। नगर निगम ने बकाया टैक्स की वसूली के लिए अपना रुख कड़ा कर लिया है। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के निर्देश पर रविवार को शहर के विभिन्न संभागों में राजस्व वसूली हेतु विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान बकायेदारों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई करने के साथ ही अंतिम चेतावनी के नोटिस भी चस्पा किए गए। निगम की इस सख्ती से शहर के कर डिफाल्टरों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।


संभाग नम्बर 10 में दिए अंतिम नोटिस


नगर निगम के संभाग क्रमांक 10 के अंतर्गत आने वाले शहीद भगत सिंह वार्ड और महर्षि सुदर्शन वार्ड में रविवार को बड़ी कार्यवाही की गई। संभागीय अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि कई बड़े बकायेदारों को 3 दिन की मोहलत देते हुए उनके घरों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं। इन बकायेदारों में लक्ष्मण यादव पर 53,590 एवं 39,432, चेतराम बंजारा पर 46,636, प्रेमवती झारिया पर 39,923, किशनलाल रजक पर 62,254, सूरज प्रसाद विनोदिया पर 49,104, बद्री प्रसाद साहू पर 34,949 तथा कल्पना पाण्डेय पर 32,961 की राशि बकाया है। यदि निर्धारित समय में भुगतान नहीं किया गया तो संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस पूरी कार्यवाही के दौरान राजस्व निरीक्षक नरेन्द्र सिंह राजपूत, सविता सिंह कुशवाहा, रंजीत चौधरी, रविकान्त पुषाम, महेश परस्ते और पवन बरकड़े सहित अन्य कर्मचारी तैनात रहे।


इन पर कसा है वसूली का शिकंजा


संभाग क्रमांक 6 के राजीव गांधी वार्ड में लंबे समय से लंबित करों का भुगतान न करने वालों पर कुर्की की गाज गिरी। इसमें पुरुषोत्तम लाल साहू पर 39,359, देशराज सिंह भदोरिया पर 39,524 और भीमलाल गुप्ता पर 33,252 बकाया होने पर कुर्की की गई। इस मौके पर संभागीय अधिकारी प्रदीप मेरावी, राजस्व निरीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, देवेंद्र इरवार, गोपाल शर्मा और राम कालेश तिवारी मौजूद रहे। इसके साथ ही संभाग क्रमांक 14 विजय नगर के मोतीलाल वार्ड में रद्दी चौकी स्थित साबरा बी पति मोहम्मद हकीम पर 1,59,594 की बड़ी राशि बकाया होने पर कुर्की की कार्यवाही की गई। इस दौरान राजस्व अधिकारी आनंद मिश्रा, संभागीय अधिकारी सुदीप पटेल, मन्नू पटेल, चंद्रेश कोल और कमलेश सिंह उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update