जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र के अमखेरा रोड पर तेज रफ्तार कार ने चार लोगों को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि कार चालक शराब के नशे में था। हादसे में चारों राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार गोहलपुर से खजरी खिरिया जाने वाले मार्ग पर सफेद रंग की टाटा नेक्सॉन कार (नंबर एमपी 20 एस 7708) तेज रफ्तार में आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक नशे में था और कार को लहराते हुए चला रहा था। अचानक वाहन बेकाबू हो गया और सड़क किनारे पैदल चल रहे चार लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सभी राहगीर दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत घायलों की मदद के लिए दौड़े। सभी घायल लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े थे। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और चालक को घेरकर पकड़ लिया ताकि वह भाग न सके।
पुलिस ने पहुंचकर घायलों को भेजा अस्पताल
सूचना मिलते ही अधारताल थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कार को जब्त कर लिया और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया।
मेडिकल जांच के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, ताकि यह पता चल सके कि वह शराब के नशे में था या नहीं। मेडिकल रिपोर्ट और घायलों की स्थिति के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।