जबलपुर। शहर में विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए चेरीताल वार्ड में नई सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया गया। सरस्वती कॉलोनी पारिजात भवन मार्ग से पारस कॉलोनी मोड़ तक बनने वाली इस सड़क का भूमिपूजन महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ और क्षेत्रीय विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डे ने विधि-विधान से किया।
महापौर निधि से स्वीकृत इस सड़क निर्माण की लागत करीब 12 लाख रुपये है। सड़क की लंबाई 116 मीटर और चौड़ाई 6 मीटर होगी। सड़क बनने से सरस्वती कॉलोनी और पारस कॉलोनी के सैकड़ों लोगों को आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
क्षेत्र के विकास पर जोर
इस अवसर पर विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डे ने कहा कि वार्ड के विकास के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं और आगे भी जनता की जरूरतों के अनुसार कार्य किए जाएंगे। वहीं महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने कहा कि शहर के हर वार्ड तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में नगर निगम के जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। नई सड़क बनने की घोषणा से क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई।