akhbaar update

लापरवाही के मुद्दे पर नगर निगम मीटिंग में हंगामा

 



जबलपुर। नगर निगम के राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान राजस्व अधिकारी और राजस्व निरीक्षक के बीच जमकर बहस हुई। मामूली बात से शुरू हुई यह बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों एक-दूसरे को पद से हटाने और हटवाने की धमकी देने लगे। इस गहमागहमी की चर्चा पूरे नगर निगम और विशेष रूप से राजस्व विभाग में फैल गई। 

सूत्रों के अनुसार, बैठक में जब राजस्व अधिकारी ने संभाग क्रमांक दस के राजस्व निरीक्षक को कामकाज में लापरवाही और गड़बड़ियों को लेकर टोका, तो मामला गरमा गया। राजस्व निरीक्षक ने तत्काल जवाब देते हुए अपनी परेशानी बताई कि एक तो उनकी ड्यूटी बीएलओ में लगा दी गई है, ऊपर से यदि वे कोई फाइल भेजते हैं तो उसे रिजेक्ट कर दिया जाता है। ऐसे में काम करना संभव नहीं है। राजस्व निरीक्षक ने यहाँ तक कह दिया कि उन्हें पहले भी हटवाने की धमकी दी जा चुकी है। इस तीखी नोकझोंक के दौरान वहाँ मौजूद अन्य राजस्व निरीक्षक मूकदर्शक बने रहे। कुछ वरिष्ठ निरीक्षकों का कहना है कि अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच इस आपसी खींचतान के कारण जनता के महत्वपूर्ण कार्य रुके हुए हैं और नगर निगम के राजस्व पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update