akhbaar update

जलेबी के विवाद ने ली युवक की जान: भीटा-जैतपुरी में चाकूबाजी, आरोपी फरार





जबलपुर। गोराबाजार थाना अंतर्गत ग्राम भीटा-जैतपुरी क्षेत्र में बुधवार रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मेले में जलेबी खाने को लेकर हुए पुराने झगड़े की रंजिश में एक युवक की सरेराह चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दो दिन पहले गांव में लगे मेले में जलेबी खाने की बात को लेकर साजन झरिया और कृष्णा उइके के बीच कहासुनी हो गई थी। उस समय ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन बताया जा रहा है कि आरोपी साजन इस बात से अंदर ही अंदर नाराज था और बदला लेने की फिराक में था।

19 फरवरी बुधवार रात करीब 9 बजे जब कृष्णा उइके मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में साजन झरिया ने उसे रोक लिया। पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद साजन ने अचानक चाकू निकालकर कृष्णा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल कृष्णा सड़क पर गिर पड़ा और आरोपी मौके से फरार हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए विक्टोरिया जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और गोराबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई है।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। 

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update