कटनी - विजयराघवगढ़ क्षेत्र में बुधवार 18 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। बम्हनगवां शासकीय प्राथमिक स्कूल के परिसर में शौचालय के पास बनी बाउंड्री वॉल (दीवार) अचानक भरभराकर गिर पड़ी। उसी समय पास में खड़ा 10 वर्षीय छात्र राजकुमार बर्मन दीवार की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्कूल स्टाफ और स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस को कॉल किया, लेकिन समय पर एम्बुलेंस नहीं पहुंच सकी। हालत गंभीर होने पर बच्चे को जल्दी में ऑटो से विजयराघवगढ़ शासकीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज शुरू करने से पहले ही उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, राजकुमार के पिता का करीब डेढ़ साल पहले बीमारी से निधन हो चुका था। उसकी मां लोगों के घरों में काम करके और शाम को चाट बेचकर परिवार का पालन-पोषण कर रही थी। बेटे की अचानक मौत से मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है, जिससे अस्पताल में मौजूद लोग भी भावुक हो उठे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। स्कूल की दीवार गिरने को लेकर लोगों ने स्कूल प्रबंधन और निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। परिजन मुआवजे की मांग कर रहे हैं और पोस्टमार्टम को लेकर प्रशासन से बातचीत चल रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि स्कूल भवन की समय पर जांच और मरम्मत होती, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।