जबलपुर - माढ़ोताल थाना क्षेत्र के बजरंग नगर में झपटमारी की एक घटना सामने आई है। यहाँ शादी समारोह से लौट रही एक 53 वर्षीय महिला को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाया और गले से करीब 5 तोला सोने का हार लूटकर फरार हो गए। इस हार की बाजार कीमत लगभग 7 से 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यादव कॉलोनी निवासी अनिल सोनी अपनी पत्नी मीना सोनी और परिवार के साथ भोपाल में शादी में शामिल होकर 9 फरवरी की रात करीब 8 बजे जबलपुर लौटे थे। बजरंग नगर में बस से सामान उतारते समय अचानक बाइक पर आए दो युवकों ने महिला के गले पर झपट्टा मारा और सोने का हार छीनकर तेजी से भाग निकले। घटना के बाद इलाके में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास लगे करीब 15 सीसीटीवी कैमरों के लगभग 20 फुटेज खंगाले। फुटेज से आरोपियों की बाइक की आवाजाही का रास्ता पता चला, जो विजयनगर–महानड्डा होते हुए कंचनपुर की ओर जाती दिखी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कंचनपुर क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और लूटे गए सोने के हार की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी पहले भी ऐसी वारदातों में शामिल तो नहीं रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि शहर में बढ़ती झपटमारी की घटनाओं को रोकने के लिए जल्द ही विशेष चेकिंग और सघन अभियान चलाया जाएगा, ताकि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।