जबलपुर, 20 फरवरी मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शहर (जिला) कांग्रेस कमेटी जबलपुर द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता अलग-अलग ब्लॉकों में पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
कांग्रेस का कहना है कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका ट्रेड डील और मनरेगा में किए जा रहे बदलाव मजदूरों के कानूनी अधिकारों पर सीधा प्रहार हैं। पार्टी ने इन निर्णयों को जनविरोधी बताते हुए सरकार से इन्हें वापस लेने की मांग की है।
इसके अतिरिक्त, मध्य प्रदेश सरकार के तीन मंत्रियों के इस्तीफे की मांग को लेकर भी कांग्रेस ने मोर्चा खोला है। साथ ही कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा नेता प्रतिपक्ष पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है।
विभिन्न स्थानों पर निर्धारित समय
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार—
-
दोपहर 3 बजे – दमोहनाका चौक पर मौलाना अबुल कलाम आजाद ब्लॉक तथा दशमेश द्वार पर इंदिरा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, मदन महल एवं शंकर शाह ब्लॉक द्वारा पुतला दहन।
-
शाम 4 बजे – दीनदयाल चुंगी नाका पर कमला नेहरू ब्लॉक का प्रदर्शन।
-
शाम 5 बजे – रानीताल चौक (कस्तूरबा गांधी ब्लॉक), अधारताल चौक (गोकलपुर ब्लॉक) एवं दशमेश द्वार (कैंट ब्लॉक) में विरोध प्रदर्शन।
-
शाम 5:30 बजे – रसल चौक पर मोतीलाल नेहरू, राधाकृष्ण एवं जाकिर हुसैन ब्लॉक तथा दर्शन तिराहा पर रांझी-खमरिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा पुतला दहन।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह आंदोलन जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर है और आगे भी चरणबद्ध तरीके से विरोध जारी रहेगा।