जबलपुर/सिहोरा - आजाद चौक क्षेत्र में 20 फरवरी शुक्रवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब वार्ड नंबर 5 स्थित दुर्गा मंदिर में आरती के दौरान एक युवक द्वारा मंदिर की ग्रिल तोड़ने की घटना सामने आई। घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में माहौल अचानक गरमा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरती चल रही थी तभी युवक ने मंदिर में प्रवेश कर ग्रिल को नुकसान पहुंचाया। इससे वहां मौजूद श्रद्धालु नाराज़ हो गए और कुछ ही देर में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर मामला बढ़कर झगड़े और पथराव तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर भी मौके पर पहुंच गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और हालात काबू करने की कोशिश की। भीड़ को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई।
सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े ने घटना की जानकारी ली और अधिकारियों से चर्चा कर हालात की समीक्षा की। प्रशासन ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त जारी है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो।