जबलपुर ---- खजरी खिरिया निवासी रामराज पटेल और उनकी पत्नी वंदना पटेल अपने जुड़वां नवजात बेटों की मौत के मामले में पिछले पांच महीनों से न्याय की मांग कर रहे हैं। परिवार ने जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की जांच रिपोर्ट को खारिज करते हुए निष्पक्ष पुनः जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, 17 सितंबर 2025 को ‘मातृ ऑर्थो एंड गायनिक सेंटर’ में वंदना पटेल ने दो बेटों को जन्म दिया था। उनका कहना है कि जन्म के समय दोनों बच्चे स्वस्थ थे, लेकिन कुछ घंटों बाद पीलिया के लक्षण दिखने लगे। आरोप है कि अस्पताल ने समय पर सही इलाज नहीं दिया। हालत बिगड़ने पर बच्चों को दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत जबलपुर में और दूसरे की नागपुर में हो गई।
स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट में मौत का कारण ‘ब्लड ग्रुप संबंधी जटिलता’ बताया गया है, लेकिन परिवार इस निष्कर्ष से सहमत नहीं है। उनका कहना है कि इलाज के दौरान उन्हें सही जानकारी नहीं दी गई। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से पूरे मामले की पारदर्शी तरीके से दोबारा जांच कर जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।