akhbaar update

करंट से दो युवकों की मौत, जंगली सूअर से बचाव के लिए बिछाया था तार

 



जबलपुर। चरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम उमरिया डूंगरिया में करंट लगने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में 28 वर्षीय युवक और 16 वर्षीय किशोर शामिल हैं। यह घटना देर रात की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ लोग जंगली सूअरों से परेशान थे। फसलों को बचाने के लिए खेतों के पास बिजली का करंट दौड़ता हुआ तार बिछा दिया गया था। देर रात किशन ठाकुर (28) निवासी दिया खेड़ा और गोविंद ठाकुर (16) निवासी उमरिया लोहे की रॉड लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान वे करंट वाले तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भिजवाया।

थाना प्रभारी अभिषेक प्यासी ने बताया कि मर्ग कायम कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि खेत में करंट का तार किसने और किस अनुमति से बिछाया था। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update