akhbaar update

पाटन के गुरु मोहल्ले में सिलेंडर फटने से भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

 




जबलपुर। पाटन के गुरु मोहल्ले में गुरुवार शाम करीब 7 बजे गैस सिलेंडर में विस्फोट के बाद एक मकान में भीषण आग लग गई। आग कृष्ण कुमार रैकवार के घर में लगी। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और जनहानि नहीं हुई।


स्थानीय लोगों ने अचानक तेज धमाके की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचने पर देखा कि मकान से ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही थीं और आग तेजी से फैल रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पाटन नगर परिषद की फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।


सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची, लेकिन गुरु मोहल्ले की संकरी गलियों के कारण फायर ब्रिगेड वाहन घर तक नहीं पहुंच सका। इसके बाद दमकलकर्मियों ने पाइप को अंदर तक ले जाकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।


प्रारंभिक जांच में सिलेंडर से गैस रिसाव की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि गैस रिसाव के दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आकर घर का पूरा घरेलू सामान जलकर राख हो गया।


इस हादसे में करीब एक से डेढ़ लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update