akhbaar update

महाप्रबंधक ने किया कटनी साउथ-ब्यौहारी रेल खण्ड का निरीक्षण

 

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय ने मंगलवार को कटनी साउथ से ब्यौहारी रेल खण्ड का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का उद्देश्य रेल संरक्षा, परिचालन गुणवत्ता, अधोसंरचना की स्थिति एवं निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति का प्रत्यक्ष मूल्यांकन करना था। 

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने इस रेल खण्ड पर स्थित स्टेशनों, रेल पुलोंए ओएचई प्रणाली, सिग्नल एवं दूरसंचार व्यवस्था तथा समपार फाटकों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने रेल खण्ड में ट्रेनों की रनिंग गुणवत्ता, ट्रैक पेट्रोलिंग की स्थिति एवं संरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की गहन जानकारी प्राप्त की। महाप्रबंधक ने समपार फाटकों एवं ट्रैक पर कार्यरत गैंगमैन-ट्रैकमैन की सुरक्षा एवं संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा.निर्देश प्रदान किए। 

उन्होंने ट्रैक अनुरक्षण कार्यों में आधुनिक तकनीक एवं मानकों के पालन पर विशेष बल दिया। महाप्रबंधक द्वारा निरीक्षण की शुरुआत कटनी साउथ स्टेशन से की गई। इस दौरान प्रमुख मुख्य अभियंता, जबलपुर मंडल रेल प्रबंधक सहित मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में पूरे रेल खण्ड का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में कटनी साउथ स्टेशन से महानदी रेल पुल का निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात खन्ना बंजारी स्टेशन का निरीक्षण किया गया, जहां कर्व चेक किया गया। इसी अवसर पर खन्ना बंजारी में नवनिर्मित आवासीय परिसर का उद्घाटन तथा वरिष्ठ खंड अभियंता कार्यालय का शुभारंभ महाप्रबंधक द्वारा किया गया। महरोई स्टेशन का निरीक्षण किया गया, जहां महाप्रबंधक ने ट्रैक पर कार्यरत ट्रैकमैन कर्मचारियों से संवाद स्थापित कर संरक्षा एवं सुरक्षा से संबंधित विषयों पर चर्चा की। इस दौरान पॉइंट एंड क्रॉसिंग एवं कर्व का भी निरीक्षण किया गया। 

निरीक्षण के अंतिम चरण में ब्यौहारी स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया गया। यहां स्टेशन लॉबी, स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, खानपान स्टॉल, एक स्टेशन-एक उत्पाद स्टॉल का निरीक्षण करते हुए यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की गई। इसी अवसर पर स्टेशन में नवनिर्मित वीआईपी कक्ष का भी शुभारंभ किया गया। इस निरीक्षण में महाप्रबंधक के साथ प्रमुख मुख्य अभियंता आशुतोष, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक कुशाल सिंह, प्रमुख मुख्य विद्युत अभियंता ,मुकेश, मंडल रेल प्रबंधक जबलपुर कमल कुमार तलरेजा सहित मुख्यालय एवं मंडल से वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ मधुर वर्मा, वरिष्ठ मंडल अभियंता राहुल जयपुरियार उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update