akhbaar update

फर्जी दस्तावेजों से पासपोर्ट बनवाने वाले 5 अफगानी नागरिक गिरफ्तार

 


जबलपुर। मध्यप्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए भारतीय पासपोर्ट बनवाने के मामले में कोलकाता से पांच अफगानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। रविवार को सभी आरोपियों को जबलपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 25 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जिया उल रहमान, सुल्तान मोहम्मद, रजा खान, सैयद मोहम्मद और जफर खान के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि ये सभी वर्ष 2018-19 में अफगानिस्तान के काबुल से भारत आए थे। इनमें से एक मेडिकल वीजा पर आया था, जबकि बाकी चार अवैध रूप से देश में दाखिल हुए थे।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने भारतीय पासपोर्ट बनवाने के लिए जबलपुर में रह रहे मास्टरमाइंड सोहबत खान से संपर्क किया था। प्रति व्यक्ति करीब ढाई लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। गिरोह ने जबलपुर के फर्जी पते दिखाकर दस्तावेज तैयार किए और सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराई। पांच में से चार पासपोर्ट जारी हो चुके थे, जिनमें से तीन एटीएस ने जब्त कर लिए हैं।

बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब मुख्य आरोपी ने सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो पोस्ट की थी। इसके बाद एटीएस ने जांच शुरू की और नेटवर्क का पर्दाफाश किया।

इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एटीएस पूरे गिरोह और अन्य संभावित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update