जबलपुर - सागर के शाहगढ़ में नर्स की गोली मारकर हत्या करने वाले जबलपुर निवासी आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। वारदात के सात दिन बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सुशील चढ़ार (28 वर्ष), निवासी मुड़िया, पनागर थाना, जबलपुर के रूप में हुई है। आरोपी के संबंध में सूचना देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा और उसकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। सागर और जबलपुर पुलिस संयुक्त रूप से आरोपी की तलाश कर रही है और जबलपुर स्थित उसके घर व रिश्तेदारों के यहां कई बार दबिश दी जा चुकी है।
शाहगढ़ अस्पताल के गेट पर हुई वारदात मृतका दीपशिखा चढ़ार (26 वर्ष), पाटन निवासी जो पिछले करीब दो साल से सागर जिले के शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नर्स के पद पर कार्यरत थी। वह अस्पताल से करीब 100 मीटर दूर किराए के कमरे में रहती थी।
4 फरवरी की रात करीब 8 बजे वह ड्यूटी के लिए पैदल अस्पताल जा रही थी। जैसे ही वह अस्पताल के गेट के पास पहुंची, आरोपी सुशील ने उसका हाथ पकड़ लिया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और कट्टे से तीन फायर किया। दो गोलियां दीपशिखा की पीठ में लगीं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई ।
जबलपुर से सागर पहुंचकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुशील चढ़ार मृतका का रिश्तेदार था और उससे एकतरफा प्यार करता था। वह दीपशिखा से शादी करना चाहता था, लेकिन इंकार किए जाने के बाद उसने जबलपुर से सागर पहुंचकर इस वारदात को अंजाम दिया।