akhbaar update

सेंट्रल बैंक से अनुबंध के बाद विद्युत कंपनी देगी अतिरिक्त बीमा कवच

 


जबलपुर।
 सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के बीच कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज के तहत एक महत्वपूर्ण अनुबंध संपन्न हुआ है। इस समझौते के माध्यम से कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बैंक की विशेष बैंकिंग सुविधाओं और व्यापक बीमा सुरक्षा का लाभ प्राप्त होगा। अनुबंध के दौरान सेंट्रल बैंक की ओर से महाप्रबंधक डीपी खुराना, डीके पांडे, अविनाश कुमार एवं पूर्व क्षेत्र कंपनी की ओर से अतिरिक्त मुख्य महाप्रबंधक मो. ए कुरैशी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

1.50 करोड़ का निशुल्क बीमा कवर और सुरक्षा लाभ

समझौते के तहत 'सेंट प्रेस्टीज' श्रेणी के खाताधारकों को विशेष वित्तीय सुरक्षा दी गई है। इसमें व्यक्तिगत दुर्घटना मृत्यु होने पर 1 करोड़ 50 लाख रुपये और सावधि बीमा के लिए 15 लाख रुपये का लाभ शामिल है। इसके अतिरिक्त, हवाई दुर्घटना में मृत्यु, पूर्ण स्थायी अपंगता या आंशिक अपंगता की स्थिति में भी कर्मचारियों को 1 करोड़ से लेकर 1.50 करोड़ रुपये तक का निशुल्क बीमा लाभ प्रदान किया जाएगा।

निशुल्क बैंकिंग सेवाएं और किफायती ऋण सुविधा

इस अनुबंध के बाद बिजली कंपनी के कर्मचारियों के लिए जीरो बैलेंस खाता, अनलिमिटेड एटीएम आहरण, ऑनलाइन एनईएफटी/आरटीजीएस, एसएमएस अलर्ट और मल्टीसिटी चेक बुक जैसी सुविधाएं पूरी तरह निशुल्क होंगी। बैंकिंग सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए बैंक द्वारा होम लोन, कार लोन, पर्सनल लोन और शिक्षा ऋण अत्यंत किफायती ब्याज दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही, लॉकर रेंट, ऑटोस्वीप और ड्राफ्ट इश्यू चार्जेस में भी विशेष छूट प्रदान की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update