जबलपुर - आधारताल क्षेत्र में एक महिला के साथ बीच सड़क पर मारपीट का मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने महिला को घर से बाहर बुलाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीड़िता 40 वर्षीय अंजू पांडे ट्रांसपोर्ट का काम करती हैं और उनके पास कुछ गाड़ियां हैं। महिला का आरोप है कि पड़ोसी राहुल यादव, भीषू बंगाली और रोहित यादव उससे बार-बार गाड़ी मांगते थे। जब महिला ने मना किया तो आरोपी पैसे मांगने लगे।
बुधवार सुबह आरोपी गाली-गलौच करते हुए महिला को घर से बाहर बुलाने लगे। बाहर आते ही महिला को धक्का देकर गिरा दिया गया और मारपीट शुरू कर दी गई। इस दौरान आरोपी परिवार की कुछ महिलाएं भी मौके पर मौजूद थीं।
पीड़िता का आरोप है कि जब उनकी 5 साल की बेटी बचाने आई तो उसके साथ भी मारपीट की गई।
महिला ने बताया कि आरोपियों की नजर उसके मकान पर भी है और वे उसे मकान खाली करने का दबाव बना रहे थे। पहले भी इस मामले की शिकायत की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। एएसपी सूर्यकांत शर्मा के अनुसार आरोपियों की तलाश की जा रही है और जांच जारी है।