जबलपुर- आधारताल थाना के रिछाई इंस्ट्रियल एरिया की है। गुरुवार शाम को ऋचा रजक (19) घर जा रही थी, तभी साहिल अपने साथी अजय के साथ बाइक से आया। दोनों ने ऋचा को रास्ते में रोककर चाकू से हमला कर दिया।
चाकू ऋचा के गले और सीने पर लगा। वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपियों को पकडऩे की कोशिश की, लेकिन दोनों बाइक से फरार हो गए। ऋचा को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
आरोपी और युवती की ढाई माह पहले सगाई हुई थी। अचानक ही युवक ने दहेज में 5 लाख रुपए की मांग कर ली। जिस पर युवती ने शादी करने से मना दिया। आरोपी को शक था कि युवती का किसी से अफेयर चल रहा है।
ऋचा रिछाई स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करती थी। साहिल को शक था कि शादी से मना करने की वजह उसका किसी और से अफेयर है। इसे लेकर साहिल ने उसे फोन कर धमकी भी दी थी।
तीन दिन से हमले के चक्कर में फैक्ट्री के चक्कर काट रहा था
गढ़ा निवासी साहिल बीते तीन दिनों से रिछाई के चक्कर काट रहा था, पर ऋचा उसे नहीं मिली। गुरुवार 8 जनवरी की देर शाम को जब ऋचा फैक्ट्री से घर लौट रही थी, उसी दौरान साहिल अपने दोस्त अजय सिंह ठाकुर के साथ पहुंचा और उसे रोक लिया।
घटना के बाद एएसपी जितेंद्र सिंह टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पहुंचे और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करते हुए सीसीटीवी खंगाले। एएसपी सिंह ने बताया कि घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। शुक्रवार की सुबह साहिल और उसके दोस्त अजय को गिरफ्तार कर लिया गया।