जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र के स्नेह नगर इलाके में देर रात शराब के नशे में धुत एक कार चालक ने जमकर उत्पात मचाया। तेज रफ्तार अर्टिगा कार चालक ने सड़क किनारे घर के बाहर खड़ी गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे भारी नुकसान हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि एक कार उछलकर पास के नाले में जा गिरी।
पीड़ित महिला अनुराधा गुप्ता ने बताया कि घटना उस समय हुई, जब वे अपने परिवार के साथ सोने की तैयारी कर रही थीं। अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो सामने का दृश्य देख परिवार के होश उड़ गए। उनकी कार अपनी जगह से खिसककर सीधे नाले में जा गिरी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद कार चालक नशे की हालत में था और खुद को अधिवक्ता बता रहा था। हादसे की सूचना मिलने पर मदन महल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
