akhbaar update

रेल कर्मचारियों को मिलेगा 3 करोड़ का दुर्घटना बीमा, पेंशनरों के लिए 30 लाख तक का कवर



जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर मंडल ने अपने कर्मचारियों और सेवानिवृत्त पेंशनरों को बैंकिंग और बीमा सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए पंजाब नेशनल बैंक के साथ नई व्यवस्था की है। दोनों संस्थानों के बीच हुए समझौते के अनुसार, कार्यरत रेल कर्मचारियों को 3 करोड़ रुपये तक और पेंशनरों को 30 लाख रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर दिया जाएगा।

मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के मार्गदर्शन में इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत रेलकर्मियों को केवल दुर्घटना बीमा ही नहीं, बल्कि कई अन्य वित्तीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

कर्मचारियों को मिलेंगी अतिरिक्त सुविधाएं

समझौते के मुताबिक, नौकरी कर रहे रेल कर्मचारियों को अतिरिक्त टर्म लाइफ इंश्योरेंस, स्वास्थ्य और चिकित्सा बीमा जैसी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इसके अलावा होम लोन सहित अन्य ऋण योजनाओं पर विशेष छूट दी जाएगी। हॉस्पिटल कैश और वेलनेस से जुड़ी सुविधाएं भी इस व्यवस्था में शामिल हैं।

पेंशनरों को बैंकिंग सेवाओं में राहत

सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों यानी पेंशनरों के लिए भी कई सुविधाएं तय की गई हैं। उन्हें 30 लाख रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा। इसके साथ ही एटीएम, क्रेडिट कार्ड, चेकबुक और बैंक लॉकर की सुविधाओं पर विशेष छूट दी जाएगी। बैंक की ओर से घर तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

रेलवे और पीएनबी के बीच हुए इस समझौते का उद्देश्य कर्मचारियों और पेंशनरों को एक ही बैंकिंग व्यवस्था के माध्यम से बीमा, ऋण और अन्य वित्तीय सेवाओं का लाभ देना है। इससे उन्हें अपनी बैंकिंग जरूरतों के लिए अलग-अलग सुविधाओं के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और परिवार को भी आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी।

समझौते के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद

एमओयू पर हस्ताक्षर के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वरुण चतुर्वेदी, सहायक कार्मिक अधिकारी शचिपति नंदन, पीएनबी जबलपुर सर्किल के मंडल प्रमुख एवं डीजीएम प्रबुद्ध शर्मा, चीफ मैनेजर राज कुमार कोरी, मार्केटिंग ऑफिसर पीयूष श्रीवास्तव और वरिष्ठ प्रबंधक रोहित कुमार अग्रवाल उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp