जबलपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान रांझी पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने दो युवकों को गांजा के साथ पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 5 किलो 131 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 2 लाख 56 हजार 500 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर को संयुक्त टीम रांझी क्षेत्र में वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान रांझी की ओर से तेज रफ्तार में एक सियाज कार आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोककर उसकी जांच शुरू की। कार में चालक के अलावा पीछे की सीट पर दो युवक बैठे थे। दोनों के पास बैग थे और उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें नीचे उतारकर पूछताछ की।
पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम बालकिशन नागवंशी, निवासी नर्मदापुरम जिले का बताया। पीछे बैठे युवकों की पहचान मनीष कुमार रजक और आनंद श्रीवास, दोनों जबलपुर निवासी के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों युवकों के बैग की तलाशी ली। मनीष के बैग से दो पैकेट और आनंद के बैग से तीन पैकेट बरामद हुए। पैकेटों की जांच करने पर उनमें गांजा मिला। वजन कराने पर कुल मात्रा 5 किलो 131 ग्राम निकली।
पुलिस पूछताछ में कार चालक ने बताया कि वह पचमढ़ी से सवारियां छोड़कर वापस पिपरिया जा रहा था। इसी दौरान डिंडौरी में दोनों युवक मिले और उन्होंने बस छूटने की बात कहकर जबलपुर तक पहुंचाने के लिए कार में बैठाने का अनुरोध किया था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि दोनों युवक गांजा कहां से लेकर आए थे और इसे जबलपुर में किसे पहुंचाया जाना था।
कार से गांजा के अलावा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर इस मामले से जुड़े अन्य लोगों और गांजा सप्लाई के स्रोत का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
