akhbaar update

हनुमानटोरिया दोहरे हत्याकांड में 7 आरोपी गिरफ्तार, घटनास्थल पर भड़की भीड़ ने किया हमला करने का प्रयास

 



जबलपुर। हनुमानटोरिया दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने इस मामले में नामजद दस आरोपियों में से सात को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को लेकर घटनास्थल पहुंची, जहां उन्हें देखकर मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग भड़क गए। गुस्साए लोगों ने आरोपियों को घेरने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को स्थिति संभालने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रिंस चौधरी, कृष्णा चौधरी, देव उर्फ शशांक और हिमांशु चौधरी के अलावा तीन नाबालिग शामिल हैं। पुलिस जब आरोपियों को लेकर हनुमानटोरिया पहुंची तो वहां पहले से बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। आरोपियों को सामने देखते ही लोगों का गुस्सा बढ़ गया और कुछ लोगों ने उन तक पहुंचने का प्रयास किया।

चाकू से हमला कर ली थी दो युवकों की जान

घमापुर थाना प्रभारी प्रवीण कुभरे के अनुसार, दीपावली की रात दस आरोपियों ने कार्तिक चौधरी और करन पासी पर चाकुओं से हमला किया था। हमले में कार्तिक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए करन ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। इस घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

भीड़ को हटाने पुलिस को करना पड़ा हस्तक्षेप

मंगलवार को आरोपियों को घटनास्थल पर लाए जाने के दौरान माहौल बिगड़ने लगा। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों पर हमला करने की कोशिश की। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को पीछे हटाया। इसके बाद आरोपियों को सुरक्षा के बीच पुलिस वाहन में बैठाकर न्यायालय ले जाया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। मामले में बाकी तीन आरोपियों की तलाश और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।



Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp