akhbaar update

जबलपुर में साइबर ठगी के दो मामले दर्ज, सरकारी योजना का लिंक खोलते ही खाते से 42 हजार गायब; हेयर ड्रेसर के 1.89 लाख उड़ाए

 


जबलपुर। साइबर अपराधियों ने ठगी के नए तरीकों से शहर के दो लोगों को निशाना बनाया। एक युवक को प्रधानमंत्री योजना से जुड़ी जानकारी देने के नाम पर व्हाट्सऐप पर लिंक भेजा गया, जिसे खोलते ही उसके बैंक खाते से 42 हजार रुपये निकल गए। वहीं दूसरे मामले में हेयर ड्रेसर का मोबाइल अपने आप अपडेट होने लगा। इसके बाद उसके दो बैंक खातों से करीब 1 लाख 90 हजार रुपये गायब हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने धोखाधड़ी के प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सरकारी योजना के नाम पर भेजा लिंक, खाते से निकले 42 हजार

माढ़ोताल थाना क्षेत्र में समदड़िया पब्लिक होटल के पास ग्रीन सिटी निवासी 26 वर्षीय इंद्रकुमार गवले ने शिकायत दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि वह पढ़ाई कर रहा है। 20 नवंबर को उसके व्हाट्सऐप नंबर पर एपीके प्रधानमंत्री योजना न्यू लिस्ट नाम से एक लिंक आया था। सरकारी योजना से जुड़ा समझकर उसने लिंक खोल दिया।

इसके कुछ समय बाद उसके बैंक खाते से 42 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए। युवक को जब खाते से रकम निकलने की जानकारी मिली तो उसने पुलिस से शिकायत की। प्रारंभिक शिकायत के मुताबिक, अज्ञात व्यक्ति ने लिंक के जरिए उसके बैंक खाते से रकम निकालकर ठगी की है। माढ़ोताल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 308 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मोबाइल हैक कर हेयर ड्रेसर के दो खातों से उड़ाए 1.89 लाख

दूसरी घटना मदनमहल थाना क्षेत्र की है। जेडीए बिल्डिंग के पीछे रहने वाले 29 वर्षीय आकाश सेन की गंगासागर एकता चौक में हरिओम हेयर ड्रेसर नाम से दुकान है। आकाश ने बताया कि 20 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे वह दुकान पर काम कर रहा था। इसी दौरान उसका मोबाइल फोन अचानक हैंग होने लगा और अपने आप अपडेट होने लगा। उसने फोन को दुकान के काउंटर पर रख दिया।

रात करीब 9 बजे घर लौटते समय वह मामा स्वीट्स से मिठाई खरीदने पहुंचा। भुगतान करने के लिए जब उसने फोन-पे का इस्तेमाल किया तो बैंक खाते में केवल 668 रुपये शेष दिखाई दिए। इसके बाद उसने खाते का पूरा विवरण जांचा तो पता चला कि यूनियन बैंक की शास्त्री ब्रिज शाखा वाले खाते से 98 हजार 888 रुपये दीपक कुमार के खाते में और सेंट्रल बैंक की इंद्राना मझौली शाखा वाले खाते से 91 हजार रुपये सरिता देवी के खाते में भेजे जा चुके हैं।

आकाश के मुताबिक, किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल हैक कर दोनों बैंक खातों से कुल 1 लाख 89 हजार 888 रुपये निकाल लिए। शिकायत पर मदनमहल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp