जबलपुर। जीएसटी रिटर्न और व्यापारिक खातों में कथित छेड़छाड़ कर करोड़ों रुपये की हेराफेरी करने का मामला सामने आया है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने जांच के बाद इस मामले में आठ अलग-अलग आपराधिक प्रकरण दर्ज किए हैं। आरोपियों पर फर्जी बिलिंग और इनपुट टैक्स क्रेडिट के आंकड़ों में हेरफेर कर शिकायतकर्ताओं को 18 करोड़ 68 लाख 30 हजार 286 रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप है।
ईओडब्ल्यू को यह शिकायत महादेव फार्मा के संचालक दीपांशू दीक्षित सहित अन्य कारोबारियों ने दी थी। शिकायत में बताया गया था कि मार्च 2022 से दिसंबर 2025 के बीच उनके व्यापारिक खातों और जीएसटी से जुड़े रिकॉर्ड में गड़बड़ी की गई। मामले की जांच उप पुलिस अधीक्षक स्वर्णजीत सिंह धामी को सौंपी गई थी। स्टेट टैक्स विभाग से मिले दस्तावेजों की पड़ताल के दौरान बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं का पता चला।
कंप्यूटर का डेटा हासिल कर किया खेल
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले व्यापारियों का भरोसा जीता और फिर स्क्रीन शेयरिंग सॉफ्टवेयर के जरिए उनके कंप्यूटर में मौजूद एमएआरजी एकाउंटिंग सॉफ्टवेयर का डेटा कथित तौर पर अपने पास हासिल कर लिया। जीएसटी रिटर्न भरने के बहाने कारोबारियों के मोबाइल पर आने वाले ओटीपी भी लिए गए।
ईओडब्ल्यू के मुताबिक, इसी पहुंच का इस्तेमाल कर फर्मों के खातों और बिलों में बदलाव किए गए। आरोप है कि बिना किसी वास्तविक खरीद-बिक्री के कारोबार दर्शाया गया और फर्जी टर्नओवर तैयार किया गया। इसके साथ ही इनपुट टैक्स क्रेडिट की रकम में भी हेरफेर की गई।
परिजनों की फर्मों में पहुंचाया पैसा
जांच एजेंसी का आरोप है कि कागजों में किए गए इन बदलावों के जरिए फर्जी कारोबार और टैक्स क्रेडिट का लाभ आरोपियों तथा उनके परिजनों के नाम पर संचालित फर्मों तक पहुंचाया गया। इस पूरी प्रक्रिया में वास्तविक व्यापारिक लेनदेन नहीं हुआ, लेकिन दस्तावेजों में कारोबार दिखाकर आर्थिक लाभ उठाया गया। इससे शिकायत करने वाले कारोबारियों को भारी नुकसान हुआ।
इन लोगों के नाम आए सामने
ईओडब्ल्यू की जांच में यूनिक ट्रेड एंड कंपनी के संचालक आशीष कोटवानी, निखिल एंटरप्राइजेज के संचालक निखिल कोटवानी, मधुश्री मेटल के संचालक अशोक कोटवानी, महाकाल मेटल की संचालक जसमीत कोटवानी और एकाउंटेंट योगेश साहू सहित अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं।
जांच के आधार पर ईओडब्ल्यू ने 27 नवंबर 2026 को अपराध क्रमांक 119 से 126/2026 तक आठ मामले दर्ज किए। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
