सतना। चित्रकूट में रविवार तड़के श्रद्धालुओं से भरी एक बोलेरो अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। वाहन में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले थे और शारदा माता के दर्शन के लिए मैहर जा रहे थे।
तीर्थयात्रियों ने पानी में उतरकर लोगों को निकाला
हादसा रविवार तड़के करीब 3 बजे हुआ था। नदी के पास से गुजर रहे कुछ पैदल तीर्थयात्रियों ने बोलेरो को पानी में गिरा देखा था। इसके बाद उन्होंने नदी में उतरकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला था और घटना की जानकारी पुलिस को दी थी।
दो श्रद्धालुओं की मौत
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान कानपुर निवासी सुनील गुप्ता (50) और हिमांशु सिंह सेंगर (30) के रूप में हुई है। हादसे में घायल चार लोगों को चित्रकूट के जानकीकुंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
ड्राइवर को झपकी आने की आशंका
पुलिस हादसे की वजह का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वाहन चालक को नींद की झपकी आने के कारण बोलेरो अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई थी। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
घायलों की हालत में सुधार होने के बाद पुलिस उनके बयान दर्ज करेगी। हादसे की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।
