akhbaar update

गढ़ा रेलवे स्टेशन पर 7 किलो गांजा जब्त, दो युवक गिरफ्तार

 


जबलपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत तिलवारा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने गढ़ा रेलवे स्टेशन पर दो युवकों को गांजे के साथ पकड़ा। आरोपियों के पास से बैग में रखा करीब 6 किलो 97 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने जब्त गांजे की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई है।

रात में स्टेशन पर पकड़े गए दोनों युवक

तिलवारा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा के अनुसार संयुक्त टीम ने रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच गढ़ा रेलवे स्टेशन पर दबिश दी थी। इसी दौरान संदिग्ध हालत में पहुंचे दो युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली गई थी। तलाशी के दौरान उनके बैग से गांजा बरामद हुआ था।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान गढ़ा निवासी आदित्य पटेल (21) और पीयूष कुशवाहा (22) के रूप में की है। दोनों को गिरफ्तार कर गांजा जब्त कर लिया गया है।

ओडिशा से ट्रेन के जरिए लाने की जानकारी

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गांजा ओडिशा से ट्रेन के जरिए जबलपुर लाया जा रहा था। हालांकि यह गांजा ओडिशा में किस जगह से लिया गया था और जबलपुर में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। तिलवारा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp