akhbaar update

मैहर में यात्रियों से भरी स्लीपर बस सड़क पर पलटी, दो को मामूली चोटें

 


मैहर। अमदरा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह हैदराबाद से बनारस जा रही यात्रियों से भरी स्लीपर बस हादसे का शिकार हो गई। घुनवारा के पास गोरइया कला स्थित पूजा पेट्रोल पंप के नजदीक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में दो यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि बाकी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी है।

हादसा सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। बस क्रमांक एमपी-44 जेडजी 7484 में 35 से अधिक यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में सामने अचानक एक बड़ा वाहन आ गया। उसे बचाने के लिए चालक ने ब्रेक लगाया, इसी दौरान बस फिसल गई और सड़क पर पलट गई।

बस के पलटते ही मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद शुरू कर दी। उन्होंने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही अमदरा थाना पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंच गई। यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

खेरवासानी टोल की 1033 एंबुलेंस पेट्रोलिंग टीम के अजीत झा और पंकज चौधरी ने भी मौके पर पहुंचकर घायल दो यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिया।

बस के कंडक्टर 39 वर्षीय रातीफ खान, निवासी जैसलमेर, राजस्थान ने बताया कि सामने अचानक बड़ा वाहन आने पर चालक को तेज ब्रेक लगाना पड़ा था। इसके बाद बस सड़क पर फिसलकर पलट गई। पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp