रास्ता खाली कराने को लेकर हुआ विवाद
जबलपुर - विजय नगर थाना क्षेत्र में एसबीआई चौक पर सड़क पर पंडाल लगाकर रास्ता रोकने के मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता जतिन राज और उनके साथी रामेश्वर गिरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। घटना 9 अक्टूबर की देर रात करीब 12.40 बजे की बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार राज के नेतृत्व में टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इस दौरान सड़क पर पंडाल लगा होने के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था। पुलिसकर्मियों ने पंडाल को पीछे हटाकर रास्ता खोलने की समझाइश दी थी।
पुलिस से अभद्रता का आरोप
पुलिस का आरोप है कि समझाइश के दौरान जतिन राज ने गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया था। वहीं रामेश्वर गिरी पर पुलिस अधिकारी का मोबाइल फोन छीनने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की थी और धमकी भी दी थी। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पेट्रोलिंग स्टाफ को मौके पर बुलाया गया था।
चार धाराओं में दर्ज हुई एफआईआर
घटना के बाद विजय नगर थाने में अपराध क्रमांक 472/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
