जबलपुर। गंगानगर स्थित पीएम श्री रानी दुर्गावती उच्चतर माध्यमिक शाला में सातवीं कक्षा की छात्रा के घायल होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कक्षा में शिक्षक ने छात्रा की ओर डस्टर फेंका, जो उसके सिर पर लगा। चोट लगने के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। छात्रा के परिजनों ने संजीवनी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
कक्षा में डस्टर लगने से घायल हुई छात्रा
एएसपी सूर्यकांत शर्मा के अनुसार, स्कूल में आशीष जैन नामक शिक्षक पर छात्रा के सिर पर डस्टर फेंककर मारने का आरोप है। डस्टर लगने के बाद छात्रा अर्धबेहोशी की स्थिति में पहुंच गई और उसके सिर से खून निकलने लगा। बताया गया है कि शिक्षक ने रूमाल से खून रोकने की कोशिश की।
तबीयत बिगड़ने पर दूसरे शिक्षकों को दी सूचना
पुलिस के मुताबिक, छात्रा ने घर जाने की इच्छा जताई थी, लेकिन उसे कक्षा से बाहर नहीं जाने दिया गया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद कक्षा में मौजूद अन्य छात्राओं ने बाहर जाकर दूसरे शिक्षकों को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद स्कूल स्टाफ ने छात्रा के परिजनों को सूचना दी। परिजन स्कूल पहुंचे और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए।
डॉक्टरों ने जांच के बाद किया भर्ती
अस्पताल में डॉक्टरों ने छात्रा की स्थिति को देखते हुए एमआरआई सहित आवश्यक जांच कराई और उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया। छात्रा की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
शिकायत के आधार पर जांच जारी
मामले में छात्रा के परिजनों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस जांच कर रही है। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।