जबलपुर। अपराधियों पर शिकंजा कसने और लंबे समय से फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए जबलपुर पुलिस ने शनिवार रात से रविवार सुबह तक जिलेभर में विशेष कॉम्बिंग गश्त की। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने वारंटियों की तलाश के साथ अवैध शराब और हथियार रखने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 224 वारंट तामील किए गए। पुलिस ने अवैध शराब के मामले में 24 और चाकू लेकर घूम रहे 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
लंबे समय से फरार वारंटियों की तलाश
अभियान के दौरान पुलिस ने 112 गैर जमानती वारंट, 83 गिरफ्तारी वारंट और 29 जमानती वारंट तामील किए। पुलिस के मुताबिक कई वारंटी लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे थे। पकड़े गए आरोपियों को संबंधित न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने अवैध शराब के ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई में 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 7 बोतल, 96 पाव देशी-अंग्रेजी शराब और 47 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।
चाकू लेकर घूमते मिले चार आरोपी
पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लेकर घूम रहे चार लोगों को भी पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से चार चाकू बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस टीमों ने क्षेत्र के सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी जांच की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
स्टेशन और बस स्टैंड पर भी जांच
रात के समय सड़कों पर आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों के साथ वाहनों की भी जांच की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अपराधियों पर नियंत्रण और कानून व्यवस्था मजबूत रखने के लिए इस तरह की कॉम्बिंग गश्त आगे भी जारी रहेगी।