akhbaar update

कथा में गया परिवार, पीछे से सूने घर में चोरी; सोने-चांदी के जेवर और नकदी ले गए चोर

 


जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र के ग्राम पड़रिया में एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोर सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना उस समय हुई, जब मकान मालिक परिवार सहित परिचित के घर आयोजित कथा में शामिल होने गई थीं। घर लौटने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

जानकारी के मुताबिक पड़रिया निवासी गीताबाई चौधरी परिवार के साथ ग्राम पौनिया में रिश्तेदार भगवानदास चौधरी के यहां आयोजित कथा में गई थीं। घर पर ताला लगा था। उनका बेटा दीपक काम से जबलपुर गया हुआ था, जबकि उनके पति लकड़ी लेने जंगल गए थे। इसी दौरान चोरों ने घर को खाली देखकर ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गए।

चोरों ने घर में रखी पेटी और ड्रम को खंगाला। सामान के बीच छिपाकर रखे गए जेवरों पर उनकी नजर पड़ गई। ड्रम के कुंदे उखाड़कर उसमें रखी सोने की एक जोड़ी झुमकी और चांदी की तीन जोड़ी पायल निकाल ली गईं। इसके अलावा पेटी में रखे सोने के तीन लॉकेट और चांदी की छह चूड़ियां भी चोर अपने साथ ले गए।

घर का ताला टूटा देखकर आसपास के लोगों ने गीताबाई को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर वह घर पहुंचीं और अंदर जाकर सामान देखा तो चोरी का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। चोरी गए सामान की जानकारी जुटाने के बाद प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp