जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र के गौरेया प्लाट में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी लोहे के बॉक्स में शराब छिपाकर रखे था और वहां से उसकी बिक्री की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की है।
पुलिस को गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गौरेया प्लाट में सौरभ कुशवाहा के घर के सामने रखे लोहे के बॉक्स में शराब का स्टॉक छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर मदनमहल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बताए गए स्थान की घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर वहां मौजूद एक व्यक्ति भागने की कोशिश करने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान दिनेश उर्फ दिन्नू विश्वकर्मा, निवासी शिवनगर के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने लोहे के बॉक्स का ताला खुलवाया तो उसके अंदर शराब से भरे सात कार्टून मिले।
जांच के दौरान बॉक्स से 250 पाव देशी शराब और 22 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।
मदनमहल थाना प्रभारी उमेश यादव के अनुसार, मामले में आगे की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी तथा इसकी बिक्री किन लोगों को की जानी थी।
