akhbaar update

जिला अदालत परिसर में खड़ी कार में अचानक लगी आग, वकीलों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

 



जबलपुर। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब गेट नंबर 2 और 3 के बीच खड़ी एक निजी कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। वाहन से उठती तेज लपटें देखकर परिसर में मौजूद वकील, पक्षकार और अन्य लोग सतर्क हो गए।

जिला अधिवक्ता संघ के सचिव शैलेंद्र सिंह ठाकुर के मुताबिक, वाहन बालाघाट से आए एक पुलिस अधिकारी या टैक्सी सेवा से संबंधित बताया जा रहा है। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

गाड़ी में आग बढ़ती देख मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं और सुरक्षा कर्मचारियों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों ने पानी और आसपास उपलब्ध संसाधनों की मदद से लपटों पर काबू पाने की कोशिश की। इस दौरान दमकल विभाग और पुलिस को भी सूचना दी गई।

आग काफी तेज होने के कारण आसपास खड़े दूसरे वाहनों के भी इसकी चपेट में आने का खतरा था। हालांकि समय रहते किए गए प्रयासों से आग को फैलने से रोक लिया गया। घटना में केवल संबंधित वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हुआ। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

प्रारंभिक तौर पर वाहन की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। वाहन से संबंधित दस्तावेजों और आग लगने के वास्तविक कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp