जबलपुर। रांझी क्षेत्र में कंपनी की स्कीम और इनाम का झांसा देकर महिलाओं से जेवरात ऐंठने का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक दो महिलाएं एक बच्चे को साथ लेकर घरों के आसपास पहुंचती थीं और पहले छोटे गिफ्ट देकर लोगों का भरोसा जीतती थीं। इसके बाद ज्यादा जेवर दिखाने पर बड़ा इनाम मिलने की बात कहकर कीमती सामान अपने साथ ले जाती थीं।
रिछाई निवासी खुशबू पटेल ने रांझी थाने में शिकायत देकर बताया है कि इसी तरीके से उनके घर से सोने-चांदी के जेवर ले जाए गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश के लिए पांच टीमें लगाई हैं।
दो दिन तक घर पहुंचकर दिए गिफ्ट
खुशबू के मुताबिक रविवार को वह घर के बाहर थीं, तभी दो महिलाएं उनके पास आईं। उन्होंने खुद को एक कंपनी से जुड़ा बताया और कंपनी की योजना के बारे में जानकारी दी। महिलाओं ने कहा कि सोने-चांदी के जेवरों के साथ फोटो खिंचवाने पर उपहार और इनाम दिया जाता है।
बातों में आकर खुशबू ने चांदी की झुमकी के साथ फोटो खिंचवाई। इसके बाद महिलाओं में से एक ने उन्हें स्टील का डिब्बा दिया और चली गई। अगले दिन वह महिला फिर घर पहुंची। इस बार खुशबू ने चांदी की पायल दिखाई और उसके बदले भी एक गिफ्ट दिया गया। लगातार दो दिन तक इस तरह घर आने और उपहार देने से खुशबू को महिलाओं पर भरोसा हो गया।
चार लाख के इनाम का बताया था झांसा
शिकायत के अनुसार मंगलवार शाम दोनों महिलाएं एक बच्चे के साथ दोबारा घर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि ज्यादा जेवरों के साथ फोटो खिंचवाने पर ज्यादा इनाम मिलेगा। उनकी बातों पर भरोसा करके खुशबू ने अलमारी में रखे जेवर उनके सामने निकालकर रख दिए।
आरोप है कि महिलाएं रानी हार, सोने का मंगलसूत्र, झुमकी, पुरुषों की अंगूठी, हार, पैबंद, चांदी का हाफ करधन और दो जोड़ी पायल लेकर चली गईं। उन्होंने खुशबू से कहा था कि इन जेवरों के साथ फोटो खिंचवाने पर चार लाख रुपये का इनाम मिलेगा। इसमें 50 हजार रुपये कमीशन और साढ़े तीन लाख रुपये खुशबू को मिलने की बात कही गई थी।
जेवर लेने के बाद दोनों महिलाएं कुछ देर में लौटने की बात कहकर निकल गईं। काफी देर तक उनके वापस नहीं आने पर खुशबू को शक हुआ। करीब तीन घंटे बाद उन्होंने पति को फोन कर घटना की जानकारी दी और फिर रांझी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
अन्य महिलाओं से भी ठगी की आशंका
खुशबू ने पुलिस को बताया कि आसपास रहने वाली तीन-चार अन्य महिलाओं के साथ भी इसी तरह की ठगी होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब इन दावों की भी जांच कर रही है। फिलहाल अन्य मामलों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
सीसीटीवी और वीडियो से आरोपियों की तलाश
रांझी सीएसपी सतीश साहू के मुताबिक शुरुआती जांच में करीब दो से तीन लाख रुपये के जेवर गायब होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। पीड़िता ने मोबाइल से बनाया करीब दो सेकंड का वीडियो भी पुलिस को दिया है, जिसमें एक महिला का चेहरा दिखाई दे रहा है।
टीआई उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में पांच पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और ऑटो स्टैंड समेत अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध महिलाओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। आसपास के थानों और शहर की सीमाओं पर भी सूचना भेजी गई है।
पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने को कहा
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों की ओर से बताई जाने वाली गिफ्ट, इनाम या कंपनी की आकर्षक योजनाओं पर तुरंत भरोसा न करें। घर पहुंचने वाले किसी अजनबी को सोने-चांदी के जेवर या अन्य कीमती सामान न दिखाएं और न ही उनके हाथ में दें। संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।
