akhbaar update

गणेश प्रतिमा बना रहे मूर्तिकार की गोली मारकर हत्या, भानतलैया में मचा हड़कंप

 


जबलपुर। भानतलैया मेन रोड के किनारे पंडाल में गणेश प्रतिमाओं को अंतिम रूप दे रहे मूर्तिकार बब्बा उर्फ मनोज सोनकर की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना देर रात करीब 12:50 बजे की बताई जा रही है। गोली चलने की आवाज सुनते ही पंडाल में काम कर रहे अन्य लोगों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

घायल मनोज सोनकर को पहले हनुमानताल थाने ले जाया गया, जहां पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मोटरसाइकिल से आए बदमाशों ने की फायरिंग

जानकारी के अनुसार हनुमानताल क्षेत्र निवासी बब्बा उर्फ मनोज सोनकर लंबे समय से भानतलैया मेन रोड के किनारे पंडाल लगाकर भगवान गणेश की प्रतिमाएं बनाने का काम करते थे। देर रात वे पंडाल में प्रतिमा को अंतिम रूप दे रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल से आए अज्ञात बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी।

गोली लगते ही मनोज सोनकर जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पंडाल में काम कर रहे लोगों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग पहुंचे

मनोज सोनकर की हत्या की खबर फैलते ही समाज के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने घटना पर आक्रोश जताया। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी क्षेत्र में तैनात किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं पर जांच

पुलिस को प्रारंभिक पूछताछ में पुरानी रंजिश से जुड़ी जानकारी भी मिली है। बताया जा रहा है कि हनुमानताल क्षेत्र के कुछ लोगों के साथ मनोज सोनकर की पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्या का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp