akhbaar update

तिलवारा के छोटे पुल से नर्मदा में कूदी युवती, तेज बहाव में लापता; पहचान में जुटी पुलिस

 




जबलपुर। तिलवारा में नर्मदा नदी पर बने छोटे पुल से सोमवार शाम करीब 19 से 20 साल की एक युवती ने नदी में छलांग लगा दी। युवती को पानी में गिरते देखकर आसपास मौजूद नाविकों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी का बहाव तेज होने के कारण वे उसे पकड़ नहीं सके। सूचना मिलने पर तिलवारा पुलिस मौके पर पहुंची और युवती की पहचान करने के प्रयास शुरू किए।

चीखते हुए पुल पर पहुंची युवती

पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4 बजे नर्मदा नदी के घाट पर कुछ लोग स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक युवती छोटे पुल पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शी नाविक चिंटू बर्मन ने पुलिस को बताया कि युवती चिल्लाते हुए कह रही थी, 'मुझे बचाना नहीं।' इसके बाद उसने पुल से गहरे पानी में छलांग लगा दी।

युवती को नदी में गिरते देख नाविक उसे बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन तब तक वह गहरे पानी में चली गई थी। तेज बहाव के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।

बंद पुल पर आवाजाही को लेकर सवाल

तिलवारा के छोटे पुल पर पहले भी हादसे होने की बात सामने आती रही है। पुल बंद होने के बावजूद यहां लोगों की आवाजाही पर रोक नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सोमवार की घटना के बाद एक बार फिर पुल पर सुरक्षा व्यवस्था और आवाजाही नियंत्रित करने की जरूरत पर चर्चा शुरू हो गई है।

युवती की पहचान करने में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक, युवती की उम्र लगभग 19 से 20 वर्ष है। घटना के समय उसने नीले रंग की जींस और लाल रंग का टॉप पहन रखा था। उसके बाएं हाथ में धागा बंधा हुआ था। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है।

तिलवारा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और युवती की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp