akhbaar update

लक्ष्मी फार्मा मेडिकल स्टोर सील, नशीली दवाओं और अबॉर्शन किट के कारोबार की जांच

 



जबलपुर। नेपियर टाउन में जबलपुर हॉस्पिटल के पास स्थित लक्ष्मी फार्मा को खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को सील कर दिया। मेडिकल स्टोर के खिलाफ नशीली दवाओं और गर्भपात में इस्तेमाल होने वाली किट के कथित अवैध कारोबार की शिकायत मिली थी। इसी के आधार पर टीम ने जांच की कार्रवाई की।

शिकायत मिलने पर की गई जांच

ड्रग इंस्पेक्टर शरद कुमार जैन के अनुसार, मेसर्स लक्ष्मी फार्मा के संबंध में औषधियों की खरीद-बिक्री को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच के दौरान पनागर की मेसर्स श्री साईं एजेंसी के नाम पर नशीली औषधियों और अबॉर्शन किट के कथित लेन-देन से जुड़ी जानकारी सामने आने की बात कही गई है।

निरीक्षण के दौरान बंद मिला मेडिकल स्टोर

शिकायत की जांच और संबंधित दवाओं व दस्तावेजों की वैधानिकता की पड़ताल के लिए संयुक्त टीम प्रतिष्ठान पहुंची। निरीक्षण के समय मेडिकल स्टोर बंद मिला। मामले से जुड़े अभिलेखों और औषधियों की जांच जरूरी होने के कारण विभाग ने औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 और संबंधित नियमों के तहत प्रतिष्ठान को सील कर दिया।

बिना अनुमति नहीं खोल सकेंगे प्रतिष्ठान

विभाग ने संचालक को निर्देश दिए हैं कि जांच पूरी होने तक मेडिकल स्टोर न खोला जाए। संबंधित औषधियों और गर्भपात किट की खरीद-बिक्री पर भी रोक लगाई गई है। प्रतिष्ठान दोबारा खोलने से पहले संबंधित विभाग से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

विभाग के मुताबिक, यह कार्रवाई शिकायत के सत्यापन और नियमानुसार जांच की प्रक्रिया के तहत की गई है। मेडिकल स्टोर और संबंधित एजेंसी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp