जबलपुर। शास्त्री नगर में एक किराना दुकान के गोदाम में सांप दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई। चावल की बोरियों के बीच छिपे सांप को देखकर दुकानदार और आसपास मौजूद लोग बाहर निकल आए। इसके बाद सर्प विशेषज्ञ गजेन्द्र दुबे को बुलाया गया, जिन्होंने सांप को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
चूहों का शिकार करने पहुंचा था सांप
जानकारी के मुताबिक, राज साहू की किराना दुकान के गोदाम में चावल की बोरियां रखी थीं। इसी दौरान लोगों की नजर बोरियों के बीच छिपे सांप पर पड़ी। शुरुआत में लोगों ने उसे खुद बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर सर्प विशेषज्ञ को सूचना दी गई।
धामन प्रजाति का निकला सर्प
मौके पर पहुंचे सर्प विशेषज्ञ गजेन्द्र दुबे ने सांप का रेस्क्यू किया। उन्होंने बताया कि यह धामन प्रजाति का सांप है, जिसे रैट स्नेक भी कहा जाता है। यह विषैला नहीं होता और मुख्य रूप से चूहों का शिकार करता है। दुकान के गोदाम में चूहों की मौजूदगी के कारण सांप भोजन की तलाश में वहां पहुंचा होगा।
रेस्क्यू के बाद प्राकृतिक वातावरण में छोड़ा
सर्प विशेषज्ञ ने सावधानीपूर्वक सांप को पकड़ लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया। घटना के दौरान दुकान में मौजूद लोगों में डर का माहौल रहा, लेकिन सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद सभी ने राहत की सांस ली।