जबलपुर। खजरी खिरिया बायपास पर राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के दौरान मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। 250 एमएम की राइजिंग मेन लाइन टूटने से शहर के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। सुबह पानी की सप्लाई नहीं होने के बाद अब शाम को भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
छह क्षेत्रों में पानी की सप्लाई प्रभावित
नगर निगम के कार्यपालन यंत्री जल कमलेश श्रीवास्तव के अनुसार, पाइपलाइन टूटने के कारण कुंगवा, खैरी, सुहागी, अमखेरा, शिवनगर और किलकारी गार्डन की पानी की टंकियां नहीं भर पाईं। इसके चलते संबंधित क्षेत्रों में सुबह नलों से पानी नहीं पहुंचा। पाइपलाइन की खराबी के कारण शाम की जलापूर्ति भी बाधित रहने की जानकारी दी गई है।
एक सप्ताह से लोग झेल रहे पानी की किल्लत
शहर के प्रभावित इलाकों में लोग पिछले एक सप्ताह से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। इससे पहले पाइपलाइन की मरम्मत के चलते लगातार तीन दिन तक पानी की आपूर्ति बंद रही थी। इसके बाद एक दिन सामान्य सप्लाई हुई, लेकिन अब नई तकनीकी खराबी सामने आने से लोगों की परेशानी फिर बढ़ गई है।
मरम्मत का काम जारी, टैंकरों से मिलेगा पानी
नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को सुधारने का काम तेजी से किया जा रहा है। प्रभावित बस्तियों में लोगों को राहत देने के लिए पानी के टैंकर भेजने की व्यवस्था की जाएगी। मरम्मत पूरी होने के बाद जलापूर्ति बहाल की जाएगी।
महापौर और निगमायुक्त ने जताया खेद
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, जल प्रभारी दामोदर सोनी और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने पानी की आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों को हुई परेशानी पर खेद जताया है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मरम्मत कार्य पूरा कर जल्द से जल्द व्यवस्था सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।