akhbaar update

चौथापुल-भैंसासुर मार्ग पर निर्माण कार्य से बढ़ी परेशानी, सड़क पर फैला कीचड़

 


पाइपलाइन टूटने से सड़क पर भरा पानी

जबलपुर - चौथापुल से भैंसासुर जाने वाले मार्ग पर चल रहा सड़क निर्माण लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य की निगरानी ठीक से नहीं होने के कारण ठेकेदार मनमाने तरीके से खुदाई करा रहा है। इससे स्थानीय रहवासियों, दुकानदारों और राहगीरों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है।

लोगों के मुताबिक, घरों में नल कनेक्शन पहुंचाने के लिए सड़क के नीचे पाइपलाइन डाली गई थी। निर्माण के दौरान जेसीबी से खुदाई करते समय पाइपलाइन टूट गई थी। इसके बाद पानी सड़क पर फैल गया था और कई जगह कीचड़ जमा हो गया था। इससे पैदल चलने के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी मुश्किल हो गई है।

खुले चेंबर से हादसे का खतरा

मार्ग पर सीवर और ड्रेनेज के चेंबर भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। कई स्थानों पर चेंबर के ढक्कन सही तरीके से नहीं लगाए गए हैं, जबकि कुछ जगह चेंबर खुले पड़े हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय इन खुले चेंबरों के कारण हादसा होने का खतरा और बढ़ जाता है।

गड्ढे में फंसी कार

बीती शाम सड़क की खुदाई और कीचड़ के कारण एक कार गड्ढे में फंस गई थी। वाहन के फंसने के बाद चालक काफी देर तक उसे निकालने का प्रयास करता रहा था। बाद में आसपास मौजूद लोगों ने मदद की और मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला था।

स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि सड़क से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े और किसी तरह की दुर्घटना न हो।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp