ग्वालियर। डबरा के पिछोर थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के स्कूली बच्चों से भरी बस पर कार सवार दो युवकों ने फायरिंग कर दी। टेकनपुर के ग्लोरियस कॉन्वेंट स्कूल की बस में उस समय करीब 50 बच्चे सवार थे। आरोपियों ने कथित तौर पर अवैध कट्टे से बस पर चार राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान बस चालक खेम सिंह घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे ग्वालियर रेफर किया गया।
सड़क पर कार खड़ी कर रास्ता रोका
बताया गया कि बस सुबह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। बड़ी अकबई गांव के पास सड़क पर एक स्विफ्ट कार खड़ी थी। कार पर 'गुर्जर' लिखा हुआ था और उसके शीशे काले थे। बस चालक ने हॉर्न बजाकर कार हटाने को कहा।
कार सवार युवकों ने पेट्रोल खत्म होने की बात कही। इस पर चालक ने कार को धक्का देकर किनारे करने की बात कही, जिससे दोनों युवक नाराज हो गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने चालक से बहस शुरू कर दी।
कट्टा निकालकर बस पर दागी गोलियां
विवाद के दौरान एक युवक ने कथित तौर पर कट्टा निकाल लिया और बस की तरफ चार गोलियां चला दीं। फायरिंग में चालक खेम सिंह घायल हो गया। बस के शीशे पर भी गोली लगने के निशान बताए जा रहे हैं।
घटना के समय बस में करीब 50 बच्चे मौजूद थे। गनीमत रही कि गोलियां किसी बच्चे को नहीं लगीं। फायरिंग के बाद बस में सवार बच्चों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
पुलिस ने बस को थाने में खड़ा कराया
फायरिंग की सूचना मिलते ही एसडीओपी सौरभ कुमार और पिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस को सुरक्षित थाने में खड़ा कराया और बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस कार और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में जांच कर रही है।