akhbaar update

दमोह में दिल दहला देने वाली वारदात, पत्नी और तीन बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या

 



दमोह। मगरोन थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में शनिवार तड़के एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि 28 वर्षीय द्वारका पटेल ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना में चारों की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सोते समय किया हमला

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के अनुसार घटना शनिवार सुबह करीब 4 बजे की है। आरोपी द्वारका पटेल ने अपनी पत्नी खेमा पटेल (25), बेटी उर्मिला (7), बेटे उमेश (4) और एक वर्षीय बेटे राजा पर कुल्हाड़ी से हमला किया। पुलिस के मुताबिक चारों उस समय सो रहे थे।

एक साल से चल रहा था पारिवारिक विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच करीब एक साल से विवाद चल रहा था। लगभग एक वर्ष पहले पत्नी खेमाबाई ने मगरोन थाने में पति के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई थी। इसके बाद भी दोनों के बीच विवाद बना रहा।

शुक्रवार को भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। जानकारी मिलने पर आरोपी के ससुर मौके पर पहुंचे और दोनों को समझाकर मामला शांत कराया था। बताया जा रहा है कि उनके जाने के बाद रात में फिर दोनों के बीच विवाद हुआ।

पुलिस और एफएसएल टीम ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी आनंद कलादगी सहित पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp