akhbaar update

बरगी बांध के 13 गेट खुले, नर्मदा में छोड़ा जा रहा 2714 क्यूमेक पानी

 



जबलपुर। बरगी बांध के जलभराव क्षेत्र में हुई तेज बारिश के बाद जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए पानी की निकासी बढ़ा दी गई है। शनिवार सुबह 11 बजे बांध के 7 और जलद्वार खोल दिए गए। इससे पहले शुक्रवार शाम 6 बजे 6 गेट खोले गए थे। अब बांध के कुल 13 गेट खुले हैं।

13 गेट से पानी की निकासी

बांध प्रबंधन के अनुसार सभी 13 जलद्वारों को औसतन 1.83 मीटर तक खोला गया है। इनसे करीब 2714 क्यूमेक पानी नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा है। वहीं जलाशय में पानी की आवक लगभग 941 क्यूमेक दर्ज की गई है।

पिछले कुछ दिनों में कैचमेंट क्षेत्र में हुई बारिश के कारण बांध में पानी तेजी से पहुंचा है। जलस्तर को नियंत्रित रखने और बांध की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल निकासी बढ़ाने का निर्णय लिया गया।

जलप्रवाह पर लगातार नजर

वर्तमान में बारिश की स्थिति में कुछ स्थिरता बताई जा रही है। इसके बावजूद ऊपरी क्षेत्रों से बांध की ओर आने वाले पानी की लगातार निगरानी की जा रही है। नियंत्रण कक्ष से जलप्रवाह की स्थिति पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है।

बांध प्रबंधन का कहना है कि पानी की आवक और मौसम की स्थिति में बदलाव होने पर आवश्यकता के अनुसार जलद्वारों से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा में बदलाव किया जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp